दिल्ली सरकार में प्रशासनिक फेरबदल, कई आईएएस अधिकारियों के तबादले

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली सरकार में प्रशासनिक स्तर पर बड़े फेरबदल किए हैं। कई आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं और नई नियुक्तियां की गई हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। इस संबंध में उप सचिव (सर्विसेस) भैरव दत्त ने शासन की ओर से आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं।

जिसमें अजीमुल हक (2007 बैच) – अब दिल्ली वक्फ बोर्ड के सीईओ का कार्यभार पूर्ण रूप से संभालेंगे। डॉ. मधु रानी तेवतिया (2008 बैच) – मुख्यमंत्री की सचिव नियुक्त की गई हैं। संदीप कुमार सिंह (2011 बैच) – मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बनाए गए हैं। रवि झा (2011 बैच) – आबकारी आयुक्त के पद से हटाकर मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में नियुक्त किए गए हैं। सचिन राणा (2014 बैच) – अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बने रहेंगे और साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य (प्रशासन) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।

5 फरवरी 2025 को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत हासिल कर नई सरकार बनाई है। भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। 2008 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मधु रानी तेवतिया को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। मधु रानी तेवतिया को तेजतर्रार, गंभीर और ईमानदार आईएएस अधिकारी माना जाता है।

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने 22 सीटों पर जीत हासिल की। इस चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला, जिससे पार्टी ने सरकार बनाने में सफलता प्राप्त की।

दिल्ली सरकार में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल से शासन और प्रशासन में सुचारू रूप से कार्य करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *