नई दिल्लीई। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने मई महीने की शुरुआत में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है। हालांकि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नए रेट के मुताबिक, कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 14.50 से लेकर 17 रुपये तक की कमी की गई है। यह लगातार दूसरा महीना है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता किया है।
- दिल्ली: अब 19 किलो गैस सिलेंडर की कीमत ₹1,747.50 हो गई है। अप्रैल में इसकी कीमत ₹1,762 थी, जबकि मार्च में ₹1,803 थी। यानी दो महीने में कुल ₹55.50 की राहत मिली है।
- कोलकाता: कीमत ₹1,868.50 से घटकर ₹1,851.50 हो गई है।
- मुंबई: अब यह सिलेंडर ₹1,713.50 की जगह ₹1,699 में मिलेगा।
- चेन्नई: यहां कीमत ₹1,921.50 से घटकर ₹1,906 हो गई है।
हालांकि आम लोगों के घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। इसकी कीमतें पूर्ववत बनी हुई हैं।
एलपीजी की कीमतों की समीक्षा हर महीने की पहली तारीख को की जाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों के उतार-चढ़ाव के आधार पर कंपनियां रेट तय करती हैं।