नई दिल्ली। रिलायंस जियो, फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) सेवाएं प्रदान करने के मामले में जल्द ही अमेरिका की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी टी-मोबाइल को पीछे छोड़ सकती है। ICICI सिक्योरिटीज की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, जून 2025 तक रिलायंस जियो के पास दुनिया में सबसे अधिक FWA ग्राहक हो सकते हैं।
गौरतलब है कि FWA सेवा, घरों और कार्यालयों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा का एक आधुनिक स्वरूप है, जिसे वाई-फाई के जरिए उपयोग किया जाता है। मार्च 2025 में टी-मोबाइल के पास लगभग 68.5 लाख FWA ग्राहक थे, जबकि भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के आंकड़ों के अनुसार मई 2025 में रिलायंस जियो के FWA ग्राहकों की संख्या 68.8 लाख से अधिक हो गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि मई में जियो ने लगभग 7.5 लाख नए FWA ग्राहक जोड़े, जिससे यह स्पष्ट है कि कंपनी बेहद तेज़ गति से ग्राहक आधार बढ़ा रही है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो जून के अंत तक जियो, टी-मोबाइल को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की सबसे बड़ी FWA सेवा प्रदाता कंपनी बन सकती है।
भारत में वर्तमान में सिर्फ रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ही FWA सेवाएं प्रदान कर रही हैं। मई 2025 में एयरटेल ने 1.82 लाख नए ग्राहक जोड़े, जिससे उसके कुल ग्राहक 15.4 लाख हो गए। वोडाफोन आइडिया अभी तक इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाई है।