आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा और रंगे हाथ पकड़ा गया। प्रेमिका के परिजनों ने युवक को अधनंगे हालत में संदूक से बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई की। यह पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना बहा तहसील क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक शादीशुदा महिला के प्रेम संबंध एक युवक से थे। युवक देर रात चुपचाप महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया। उस समय महिला के सभी परिजन छत पर सो रहे थे।
रात करीब एक बजे महिला के कमरे से आहट सुनकर परिजनों को शक हुआ। महिला के पति ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उसने तत्काल अपने प्रेमी को कमरे में रखे एक बड़े संदूक में छिपा दिया। पति ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन युवक नहीं मिला।
इसी दौरान पति की नजर संदूक पर पड़ी, जिसकी एक कुंडी अंदर से लगी हुई थी। शक गहराया तो उन्होंने संदूक खोला, जिसमें युवक अधनंगे हालत में छिपा मिला। यह देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पहले युवक की घर के भीतर जमकर पिटाई की गई और फिर उसे कपड़े पहनाकर बाहर ले जाकर ग्रामीणों के हवाले कर दिया गया। वहां भी उसकी पिटाई की गई।
यह मामला कुछ दिन पहले सोनीपत की एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में लड़की के सूटकेस में छिपे पाए जाने की घटना से मिलता-जुलता है। सोशल मीडिया पर आगरा की इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें संदूक से युवक को निकालते और पिटाई करते देखा जा सकता है।
पुलिस की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।