जमशेदपुर में करणी सेना नेता विनय कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या, NH-33 जाम कर सड़क पर उतरे समर्थक

जमशेदपुर। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सिंह की रविवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद जमशेदपुर में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित समर्थक बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, देर रात करीब एक बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जाम हटवाया।

46 वर्षीय विनय सिंह मानगो स्थित आस्था स्पेस टाउनशिप में रहते थे। बताया गया कि रविवार को वह जमीन संबंधी काम से घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 11 बजे उनका शव एनएच-33 से लगभग 500 मीटर अंदर एक कच्ची सड़क पर झाड़ियों में पड़ा मिला। उनके सिर में गोली मारने के निशान थे और शरीर पर भी कई चोटों के गहरे जख्म मिले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से विनय सिंह की स्कूटी, मोबाइल फोन और एक पिस्तौल बरामद की। परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके पास पिस्तौल रख दी, जबकि विनय सिंह का न तो किसी अपराध से संबंध था और न ही वह किसी तरह के हथियार रखते थे।

विनय सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र में ‘जमशेदपुर टाइल्स’ नामक दुकान चलाते थे और जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे। परिजनों और समर्थकों के मुताबिक, उन्हें कुछ महीनों पहले धमकियां भी मिली थीं।

हत्या की खबर फैलते ही करणी सेना के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग डिमना चौक और एनएच-33 पर इकट्ठा हो गए और सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। एंबुलेंस देर से पहुंचने पर भी लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। डीएसपी वचनदेव कुजूर ने बताया कि हत्या से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *