पूर्व केंद्रीय मंत्री पारस और चिराग पासवान के बीच फिर विवाद,राज कुमारी देवी बोली – देवरानियों ने घर से निकाला

अलौली (खगड़िया)। लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान और उनके चाचा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के बीच पारिवारिक विवाद एक बार फिर सतह पर आ गया है। इस बार यह मामला चिराग पासवान की बड़ी मां राज कुमारी देवी से जुड़ा है, जिन्होंने अलौली थाना में आवेदन देकर पशुपति पारस की पत्नी शोभा देवी और स्व. रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनैना देवी सहित अन्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

राज कुमारी देवी ने आरोप लगाया कि 29 मार्च को उनकी देवरानी शोभा देवी, सुनैना देवी, उनके बॉडीगार्ड अमित पासवान और दो ड्राइवर उनके शहरबन्नी पंचायत स्थित मंत्री जी टोला के आवास पर पहुंचे। 30 मार्च को दोपहर तीन बजे के आसपास दोनों महिलाओं ने उनके कमरे में घुसकर उनकी जरूरत के सामान, कपड़े, बिछावन और जेवरात बाहर फेंक दिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेडरूम और बाथरूम बंद कर ताला लगा दिया गया। 75 वर्षीय राज कुमारी देवी ने कहा कि वह इस मकान में पिछले 60 वर्षों से रह रही हैं और अब उन्हें जबरन निकाला जा रहा है।

राज कुमारी देवी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि इस घटना के बाद से वह सदमे में हैं। उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों की देखरेख में उन्हें स्लाइन और ऑक्सीजन चढ़ाया गया। हालांकि, सोमवार की शाम उनकी हालत में सुधार देखा गया और स्लाइन तथा ऑक्सीजन हटा लिया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह मकान ज्वाइंट प्रॉपर्टी बताया जा रहा है, जिसकी वजह से विवाद बढ़ा है।

सोमवार की शाम को पूर्व मंत्री पशुपति कुमार पारस की पत्नी शोभा देवी फिर से शहरबन्नी स्थित मकान पर पहुंचीं। उन्होंने ऊपरी मंजिल के तीन में से दो कमरों के ताले खोल दिए, लेकिन एक कमरा अब भी बंद है। इसके बाद वह वहां से अपनी गाड़ी में बैठकर चली गईं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मोबाइल पर राज कुमारी देवी से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने कहा कि अब और कौन सा आरोप लगाया जाएगा? अब तो राज कुमारी जी मारपीट का भी आरोप लगा सकती हैं। मैं जल्द ही खगड़िया आ रहा हूं।”

घटना की जानकारी मिलने के बाद लोजपा (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा ने भी राज कुमारी देवी से फोन पर हालचाल जाना।

लोजपा (रामविलास) के प्रधान महासचिव संजय पासवान ने मौके पर पहुंचकर इस घटना के लिए पूर्व मंत्री पशुपति कुमार पारस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पहले इन्होंने पार्टी को तोड़कर उस पर कब्जा करने की कोशिश की, लेकिन उनकी साजिश विफल हो गई। अब वे मां स्वरूप भाभी को घर से निकालकर उनकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं।”उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही लोजपा (रामविलास) के छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सीमांत मिर्णाल उर्फ प्रिंस भी शहरबन्नी पहुंचे और अपनी नानी राज कुमारी देवी का हाल जाना।

उन्होंने कहा कि नानी के साथ परिवार के ही लोगों ने दुर्व्यवहार किया है। उनका सारा सामान बाहर फेंक दिया गया। इससे वे अचेत हो गई थीं। डॉक्टर लगातार उनकी देखरेख कर रहे हैं। अभी उनकी हालत ठीक है।” उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद अलौली थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार सोमवार रात करीब 8 बजे शहरबन्नी पहुंचे और राज कुमारी देवी से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *