लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह एक भीषण हादसे में पांच यात्रियों की बस में जलकर मौत हो गई। पटना से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस में मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के किसान पथ पर अचानक आग लग गई। हादसे में कई यात्री घायल भी हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पटना से दिल्ली जा रही थी। सुबह के समय जब बस किसान पथ पर पहुंची, तभी उसमें अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते बस धुएं से भर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन पांच लोग आग की चपेट में आने से नहीं बच सके और उनकी जलकर मौत हो गई। मृतक दिल्ली में कामकाज के लिए यात्रा कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल, बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यूपी सीएम कार्यालय ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में बस में आग लगने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।”
पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का आश्वासन दिया है।