इस्लामाबाद/क्वेटा: पाकिस्तान को अब बाहरी मोर्चे के साथ-साथ भीतरी विद्रोह का भी सामना करना पड़ रहा है। बलूचिस्तान में स्वतंत्रता की मांग कर रहे बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान सेना पर खुला हमला बोल दिया है। सूत्रों के अनुसार, विद्रोहियों ने कई सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है और सेना की टुकड़ियों के साथ मुठभेड़ जारी है।
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हमलों की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि “बलूचिस्तान अब पाकिस्तानी कब्जे से आज़ादी की ओर बढ़ रहा है, यह निर्णायक लड़ाई है।”
इन हमलों के केंद्र में केच, खारान, और तुर्बत जैसे इलाके हैं, जहां पहले से ही पाकिस्तान सरकार का नियंत्रण कमजोर माना जाता रहा है। सेना के काफिले और हथियार डिपो को भी निशाना बनाया गया है।
बलूच विद्रोह के इस उभार ने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा को गंभीर रूप से झकझोर दिया है, खासकर ऐसे समय में जब वह भारत के साथ सीमा पर तनाव झेल रहा है। राजधानी इस्लामाबाद और रावलपिंडी में इंटेलिजेंस एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटनाक्रम पाकिस्तान की अखंडता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है और उसकी सेना को दोहरे मोर्चे पर जूझने के लिए मजबूर कर रहा है।