बलूचिस्तान के बोलान में पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला, एक अधिकारी समेत 6 सैनिकों की मौत, 5 घायल

बलूचिस्तान। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के बोलान क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की एक गश्ती गाड़ी पर घातक हमला हुआ। इस हमले में एक सैन्य अधिकारी समेत कुल 6 जवानों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पास के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब सेना की गाड़ी नियमित गश्त पर थी। हमलावरों ने पहले से घात लगाकर सेना के वाहन को निशाना बनाया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि सेना की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन यह इलाका पहले भी उग्रवादी गतिविधियों का केंद्र रहा है और यहां बलूच उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

गौरतलब है कि इससे ठीक 10 दिन पहले बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के मारगट इलाके में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना के काफिले पर बड़ा हमला किया था, जिसमें 10 जवान मारे गए थे। BLA ने उस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बयान जारी किया था कि उनके लड़ाकों ने रिमोट-कंट्रोल IED के जरिए सेना के वाहन को उड़ाया था। मारे गए जवानों में सुबेदार शहज़ाद अमीन, नायब सुबेदार अब्बास, सिपाही खलील, जाहिद और खुर्रम सलीम शामिल थे।

बलूचिस्तान में लगातार हो रहे हमले पाकिस्तानी सेना के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। क्षेत्र की अस्थिर स्थिति और उग्रवादी संगठनों की बढ़ती सक्रियता से सुरक्षा हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *