देशभर में धूमधाम से मनाई गई ईद, मस्जिदों में अदा की गई नमाज, अमन और भाईचारे की मांगी दुआ

नई दिल्ली। पूरे देश में आज ईद-उल-फितर का त्योहार परंपरागत हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह-सुबह मस्जिदों में नमाज अदा की गई और लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। देशभर के मुस्लिम समाज ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, भोपाल की ईदगाह मस्जिद, पटना के गांधी मैदान, लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और अन्य बड़े शहरों में सुबह ईद की नमाज अदा की गई।

दिल्ली की जामा मस्जिद में सुबह 6:45 बजे और फतेहपुरी मस्जिद में सुबह 7:30 बजे नमाज अदा की गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने नमाज में शामिल होकर देश में शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईद के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा में लगभग सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में भी ईद-उल-फितर का पर्व शांति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

अयोध्या में बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने कहा कि आज का दिन ईद का है और इसे ईद मिलन कहा जाता है। हिंदू और मुसलमान दोनों ही मिलकर इस दिन खुशियां मनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन हिंदुओं के लिए भी शुभ है, क्योंकि नवरात्रि भी चल रही है। इससे यह साफ होता है कि भारत में सभी धर्मों के लोग एक साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं और आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखते हैं।

दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कल देर शाम ईद के चांद के दीदार की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना पूरा हो चुका है और सोमवार को देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा।

ईद के इस पावन अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी और मिठाइयाँ बांटी। घरों में सिवईयों और अन्य पारंपरिक पकवानों की खुशबू फैली रही। बाजारों में भी चहल-पहल बनी रही और लोगों ने ईद के तोहफों और नए कपड़ों की खरीदारी की।

ईद के इस खास मौके पर देशभर में प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। लोग मिल-जुलकर इस पावन त्योहार का आनंद उठा रहे हैं और सभी के लिए शांति और समृद्धि की दुआ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *