चंडीगढ़। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी और उनकी हत्या पर आधारित बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की आगामी डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू मूसेवाला के पिता, बलकौर सिंह सिद्धू ने इस डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ कड़ी आपत्ति जताते हुए महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) और मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन को पत्र लिखा है।
बलकौर सिंह ने आरोप लगाया है कि 11 जून को दोपहर 3 बजे, मुंबई के जुहू स्थित ‘सोहो हाउस’ में बीबीसी द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री शोकेस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सिद्धू मूसेवाला की जिंदगी और उनकी हत्या से जुड़े ऐसे तथ्यों को दिखाने का दावा किया गया है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं हुए हैं।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि इस डॉक्यूमेंट्री के निर्माण और प्रसारण को लेकर उनसे न तो कोई अनुमति ली गई, और न ही उन्हें इसकी कोई जानकारी दी गई। बलकौर सिंह का कहना है कि यह डॉक्यूमेंट्री उनके बेटे की छवि को धूमिल कर सकती है और इसके चलते सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ा अदालत में विचाराधीन मामला भी प्रभावित हो सकता है।
बलकौर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्यूमेंट्री में उन लोगों के इंटरव्यू शामिल किए गए हैं, जिनके नाम सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ी एफआईआर में दर्ज हैं। इससे न केवल पीड़ित परिवार की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि यह न्याय प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन को रोका नहीं गया, तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेंगे। बलकौर सिंह ने मांग की है कि इस कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।