मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के पुरकाजी क्षेत्र में इंडसइंड बैंक लिमिटेड (IBL) और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी भारत फाइनेंशियल इन्क्लूज़न लिमिटेड (BFIL) ने पशु चिकित्सा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए एक गौ अभयारण्य और भारत संजीवनी पशु चिकित्सालय का उद्घाटन किया। यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार और गोवर्धन गौ सेवा समिति के सहयोग से शुरू की गई है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्य मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, बिजनौर सांसद चंदन चौहान और BFIL के मुख्य प्रबंधक डॉ. प्रेम नाथ सिंह शामिल हुए।
इस केंद्र का उद्देश्य आवारा गोवंश को शरण देना, उनके स्वास्थ्य की देखभाल करना और साथ ही किसानों को कृत्रिम गर्भाधान, सर्जरी, टीकाकरण, झुंड निगरानी जैसी समग्र सेवाएं प्रदान करना है। इसके अंतर्गत एक किसान प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला भी रखी गई, जिसे BFIL द्वारा संचालित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने इस अवसर पर कहा कि”यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं को नया आधार देगा और युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगा।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि इस पहल के माध्यम से भ्रूण स्थानांतरण, गुणवत्ता सेवा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ किसानों और पशुओं को मिलेगा। “यह केंद्र पशुपालन में नवाचार का प्रतीक बन सकता है।”
BFIL के सीएसआर प्रमुख किशोर संबाशिवम ने बताया कि संस्था अब तक 22 लाख पशुपालकों को सेवाएं दे चुकी है, 29.82 लाख पशु चिकित्सा उपचार कर चुकी है और देशभर में 20 पशु चिकित्सा केंद्र स्थापित कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य डेटा-संचालित, समुदाय-केंद्रित मॉडल के माध्यम से किसानों और पशुओं दोनों की उत्पादकता बढ़ाना है।”
गौ अभयारण्य आवारा पशुओं के लिए चोट, रोग और कुपोषण से सुरक्षा प्रदान करेगा। यह केंद्र सड़क दुर्घटनाएं, सार्वजनिक असुरक्षा और गंदगी जैसी समस्याओं को भी नियंत्रित करने में मददगार साबित होगा। इसमें 24×7 पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।