वाशिंगटन।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को रूस-यूक्रेन युद्ध पर बड़ा बयान देते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की दोनों की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि अगर वह राष्ट्रपति होते, तो यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता।
ट्रंप की यह टिप्पणी रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए एक बड़े हवाई हमले के बाद आई है, जिसमें कई नागरिकों की मौत हुई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पुतिन को “पागल” बताया।
ट्रंप ने लिखा, “मेरे और पुतिन के बीच हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं, लेकिन अब वह पूरी तरह से पागल हो गए हैं। वह बेवजह नागरिकों को मार रहे हैं। यूक्रेन पर मिसाइलें और ड्रोन हमले बिना किसी तर्क के हो रहे हैं।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि पुतिन सिर्फ यूक्रेन का एक हिस्सा नहीं, बल्कि पूरा देश चाहते हैं। उन्होंने चेताया कि अगर रूस ने ऐसा करने की कोशिश की, तो यह उसके अपने विनाश की वजह बन सकता है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा, “जेलेंस्की जो कुछ भी बोलते हैं, उससे हालात और खराब होते हैं। अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो यह युद्ध कभी शुरू नहीं होता।”
रूस के घातक हमलों पर ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध पुतिन, जेलेंस्की और जो बाइडन का है, न कि “ट्रंप का”। उन्होंने कहा कि वह केवल इस भयानक युद्ध को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्रंप ने रूस पर और सख्त प्रतिबंध लगाने की बात कही, हालांकि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हाल ही में कहा था कि ट्रंप का मानना है कि प्रतिबंधों की धमकी रूस को बातचीत से दूर कर सकती है।
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हालिया रूसी हमलों में उत्तर-पश्चिमी जाइटॉमिर क्षेत्र में 8 और 12 साल के दो बच्चे और 17 साल का एक किशोर मारा गया है।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब दोनों देशों ने हाल ही में एक बड़ा कैदी विनिमय किया, जिसमें करीब 1,000 कैदी रिहा किए गए थे।