मुंबई। ठाणे जिले के कोपर और दिवा स्टेशनों के बीच सोमवार सुबह लोकल ट्रेन से गिरने की घटना में छह यात्रियों की मौत हो गई है और सात यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों को कलवा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीला स्वप्रिल ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई, जब विपरीत दिशा में जा रही दो लोकल ट्रेनों के फुटबोर्ड पर बैठे यात्री आपस में टकरा गए और रेलवे पटरी के पास गिर गए। इस घटना में आठ लोगों को रेलवे पटरी से उठाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गार्ड ने पांच घायल यात्रियों को जीआरपी को सौंपा। सभी का इलाज कलवा सरकारी अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, मृतकों की पहचान अस्पताल सूत्रों द्वारा अभी तक स्पष्ट नहीं की गई है।
मुंब्रा स्टेशन मास्टर ने बताया कि रेलवे पटरी में गिरने से तीन लोगों की मौत तत्काल हो गई थी, जबकि पांच को अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार खबर लिखे जाने तक मृतकों की संख्या छह पहुंच चुकी है और सात का इलाज जारी है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे की छानबीन रेलवे प्रशासन द्वारा की जाएगी। खबर लिखे जाने तक मृतकों में से एक की पहचान जीआरपी पुलिसकर्मी विकी बाबासाहेब मुख्यादल के रूप में हुई है, जबकि अन्य पांच मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।