बरेली/बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश पुलिस ने बरेली और बुलंदशहर में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इन बदमाशों की विभिन्न मामलों में तलाश थी।
बरेली में मासूम से दुष्कर्म करने की कोशिश करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना बारादरी का वांछित अपराधी रफीक अहमद पीलीभीत बाईपास से भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर 99 बीघा की ओर भागना शुरू किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया और बाद में गिरफ्तार किया गया।
रफीक के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा जिसमें एक खोखा फंसा था और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि वह बारादरी थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था और जरी का काम करता था। उसने बताया कि घटना के दिन वह नशे में था, जिसकी वजह से उसने अपराध किया।
वहीं, बुलंदशहर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक और शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान रूकनसराय निवासी अनस उर्फ चौड़ा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी देहात ऋजुल ने बताया कि पुलिस अड़ौली नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी, तभी सिकंदरा से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर बलीपुरा नहर की तरफ भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनस उर्फ चौड़ा बताया। वह कई मामलों में वांछित था।
अंस के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, तीन कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। यह व्यक्ति मोबाइल लूट के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने बताया कि वह बड़ा शातिर अपराधी था।