मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शूटर बदमाश विवेक यादव को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार विवेक यादव और उसकी पत्नी पायल पंजाब पुलिस की कस्टडी से एक कुख्यात अपराधी को छुड़ाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस ने जब बाइक सवार विवेक यादव को रोकने का प्रयास किया तो उसने कच्चे रास्ते पर बाइक दौड़ा दी और अपनी पत्नी के उकसाने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विवेक यादव घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पत्नी पायल को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनके पास से एक 32 बोर का पिस्टल, कारतूस, मिर्च पाउडर और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि विवेक यादव उर्फ गोलू मेरठ का निवासी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।