देखें वीडियो-
पुरी (ओडिशा)। ओडिशा के पुरी में रविवार तड़के भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक ‘पहंडी यात्रा’ के तहत श्रीगुंडिचा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही थी।
सुबह करीब 4:30 बजे भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के सामने दर्शन के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भगदड़ में कई लोग जमीन पर गिर गए और भीड़ के दबाव में आकर घायल हो गए। हादसे में तीन श्रद्धालुओं—प्रभाती दास, बसंती साहू (दोनों महिलाएं) और प्रेमाकांत मोहंती (एक बुजुर्ग)—की मृत्यु हो गई।
घटना के तुरंत बाद घायलों को पुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने रथयात्रा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों की समीक्षा शुरू कर दी है।
भगदड़ की यह घटना पारंपरिक रथयात्रा की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।