पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) पर बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामशोल गांव के पास हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही बोलेरो गाड़ी को सामने से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई जब बोलेरो सवार सभी लोग पुरुलिया से झारखंड के लिए रवाना हुए थे। तभी सामने से आ रहे एक तेज गति वाले ट्रेलर ने वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और ट्रेलर भी पलट गया। दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। बोलेरो में सवार सभी नौ लोगों को गंभीर हालत में बलरामपुर के ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद काफी देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक बाधित रहा।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है, जो मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
सभी मृतक झारखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र के लाकड़ी गांव के तिलाईटांड़ टोला के निवासी थे। मृतकों के नाम हैं:
- बीरु महतो
- अजय महतो
- विजय महतो
- स्वपन महतो
- गुरुपद महतो
- शशांक महतो
- चित्त महतो
- कृष्णा महतो
- चंद्रमोहन महतो (रघुनाथपुर, नीमडीह थाना)
बताया गया कि सभी लोग एक शादी समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया,
“बलरामपुर में हुए दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। राज्य में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं ट्रैफिक प्रबंधन की विफलता को दर्शाती हैं। यह बेहद चिंताजनक है।”
सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को हावड़ा में हुई एक और बस दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा मानकों की भारी गिरावट हो रही है, जो सीधे गृह मंत्री ममता बनर्जी के अधीन पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।