मीरजापुर। ग्राम चक्कोदार में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने देखा कि गांव में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त कर दी गई है। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया।
सूचना मिलते ही थाना हलिया की पुलिस टीम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) लालगंज अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और तत्काल नई प्रतिमा की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल देखा गया।
सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।